
रांची: सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी रांची के सभी शिवालय ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठे। पहाड़ी मंदिर में तड़के 3:30 बजे से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया, जिसके बाद सुबह 4 बजे से जलाभिषेक का सिलसिला अनवरत जारी रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और दूध चढ़ाकर भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा की।

मंदिर परिसर में भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पहाड़ी मंदिर विकास समिति, आरएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय समाज के सहयोग से पुख्ता इंतजाम किए गए है।

श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए प्रवेश व निकास के अलग रास्ते बनाए गए तथा महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ पूरे परिसर की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

पहाड़ी मंदिर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों और महाकाल मंदिर में भी अर्घा सिस्टम के जरिए भक्त अनुशासित तरीके से जलाभिषेक कर रहे है।


