
लातेहार: सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच गुरुवार को लातेहार के मनिका प्रखंड कार्यालय में बड़ी कार्रवाई हुई। भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता की टीम ने बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को कथित तौर पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ACB की कार्रवाई की खबर मिलते ही प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी और अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे लोग अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करने लगे। वहीं, ACB की टीम पूरी प्रक्रिया को नियमों के अनुसार पूरा करने में जुटी रही।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव नागेश्वर रजक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद तय रणनीति के तहत जाल बिछाया गया और जैसे ही पंचायत सचिव रिश्वत की राशि लेते हैं, ACB की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारियों ने मौके पर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। टीम ने रिश्वत की रकम और अन्य संबंधित साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

