हरियाणा: विभिन्न योजनाओं के 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में भेजे गए करीब 1,600 करोड़ रु

हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने DBT के जरिए 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1,595 करोड़ रुपये से ज्यादा भेजे। लाडो लक्ष्मी योजना की दसवीं किस्त जारी हुई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के 50 लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की।

सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी की, जिसके तहत करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 209 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही इस योजना के तहत अब तक 10 किस्तों में लाभार्थियों को कुल 2,042 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

इस अवसर पर सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप शुरू किया था।

उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए पहले ही बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

सैनी ने कहा कि इस साल पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर योजना के तहत निर्धारित वार्षिक आय सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के राज्य बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सैनी ने 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं से अपील की कि वे सितंबर से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के कारण किसी भी महिला को मौजूदा किसी अन्य योजना के तहत मिल रहा लाभ बंद नहीं किया जाएगा।

सैनी ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1,124 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी सीधे हस्तांतरित की। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।