नई दिल्ली : हरिद्वार से हिमालय की ओर बढ़ने के साथ यहां का भूगोल बदलता जाता है। इस भूभाग को धार्मिक ग्रंथों में केदारखंड कहा गया है। यह भगवान शिव की तपोभूमि और वासस्थली है। इसलिए कहा जाता है कि यहां कंकर-कंकर में शंकर व्याप्त हैं।

हिमालय की गिरी-कंदराओं, दुर्गम पर्वतीय अंचलों और खुले आसमान के नीचे प्राचीन शिवालय स्थित हैं। अलग-अलग कालखंडों में स्थापित इन मंदिरों ने सदियों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को भी जीवंत बनाए रखा है।

बदरीनाथ धाम स्थित आदि केदारेश्वर महादेव का संबंध सतयुग से माना जाता है। बदरी क्षेत्र में भगवान विष्णु की उपासना के साथ शिव आराधना का भी विशेष स्थान है। ज्योतिर्मठ स्थित ज्योतिश्वर महादेव की परंपरा आदि गुरु शंकराचार्य से जुड़ी हुई है।
चमोली जनपद का गोपीनाथ मंदिर भी केदारखंड की प्राचीन धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा के तट पर स्थित कोटेश्वर महादेव गुफा प्रकृति और परंपरा का अद्भुत संगम है। गुफा के भीतर स्थित शिवलिंगों का प्राकृतिक जलधाराएं जलाभिषेक करती हैं।
टिहरी जनपद का बूढ़ा केदार मंदिर अपनी प्राचीन मान्यताओं के कारण विशेष महत्व रखता है। पांडवों से जुड़ी लोककथाओं और हिमालयी जनमानस में रची-बसी धार्मिक आस्थाओं ने इस मंदिर को विशिष्ट पहचान दी है।
उत्तरकाशी जनपद में लंकेश्वर महादेव स्वच्छंद प्रकृति के बीच खुले आसमान के नीचे लोककल्याण के लिए विराजमान हैं।


