रांची: नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती कश्यप को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित ‘आईएसकेआरएस (ISKRS) एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।

एम्स नई दिल्ली के आरपी सेंटर की चीफ प्रोफेसर राधिका टंडन द्वारा ‘इंडियन सोसाइटी ऑफ कॉर्निया एवं केराटो रिफ्रैक्टिव सर्जन’ के वार्षिक अधिवेशन में डॉ. कश्यप को यह सम्मान रिफ्रैक्टिव सर्जरी में उनके उत्कृष्ट शोध और लंबे क्लीनिकल अनुभव के लिए प्रदान किया गया।
पिछले 20 वर्षों से लेजर विजन करेक्शन के क्षेत्र में कार्यरत डॉ. भारती कश्यप ने हजारों युवाओं को चश्मे से मुक्ति दिलाकर उन्हें पुलिस, वायुसेना, उड्डयन, लोको पायलट और मर्चेंट नेवी जैसी सेवाओं के लिए विजन-फिट बनाया है।
सम्मेलन के दौरान उन्होंने ‘लेजर्स इन केराटॉकोनस’ विषय पर अपना शोध पत्र भी प्रस्तुत किया। उनके संस्थान में पिछले दो वर्षों से एआई-सक्षम आधुनिक लेजर तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जटिल कॉर्नियल बीमारियों के इलाज में बड़ी सफलता मिल रही है।
दिल्ली, कोलकाता और मुंबई जैसे महानगरों के वैज्ञानिक सम्मेलनों में इस कार्य की सराहना से झारखंड ने विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।


