
रांची : कांके के लक्ष्मण चौक पर बुधवार को खादी मेला का उद्घाटन झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मदन कुमार महतो और रांची जिला अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष महेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मौके पर प्रदेश प्रवक्ता मृदुल राज, मनीष, लक्ष्मण चौक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।
मेले में खादी एवं स्थानीय उत्पादों से संबंधित विभिन्न सामग्रियों के स्टॉल लगाए गए हैं। उद्घाटन के मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मदन कुमार महतो ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
उन्होंने लोगों से खादी और स्थानीय उत्पादों को अपनाने तथा इन्हें बढ़ावा देने की अपील की। आयोजकों के अनुसार, मेले में विभिन्न प्रकार के खादी वस्त्रों के साथ अन्य उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध है। मेले को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।

