FJCCI चुनाव: तुलसी पटेल टीम का दबदबा, 13 उम्मीदवार जीते; P-21 को करारा झटका

FJCCI चुनाव में तुलसी पटेल टीम का दबदबा कायम रहा। 21 में 13 उम्मीदवार जीते, जबकि टीम मुकेश के आठ प्रत्याशी सफल हुए। P-21 को करारा झटका लगा।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : रांची में झारखंड के कारोबारियों और उद्योग जगत के प्रमुख संगठन फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री यानी FJCCI के वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के चुनाव का परिणाम सामने आ गया है। रविवार, 13 सितंबर को हुए चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की है।

रात करीब 8 बजे चुनाव परिणाम घोषित किए गए। 21 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में तुलसी पटेल के समर्थन वाले 13 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, जबकि टीम मुकेश के 8 उम्मीदवार ही चुनाव जीत सके।

वहीं, चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले में बदलने की कोशिश कर रही पूनम आनंद की टीम P-21 को बड़ा झटका लगा। पूनम आनंद सहित उनकी टीम के किसी भी समर्थित उम्मीदवार को जीत नहीं मिल सकी।

मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि चुनाव में विजयी हुए 21 कार्यकारिणी सदस्य अब FJCCI के वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे।

चुनाव के लिए रांची के हरमू स्थित मारवाड़ी भवन में मतदान केंद्र बनाया गया था। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सदस्यों ने मतदान किया। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे मतगणना शुरू हुई।

FJCCI चुनाव में कुल 4214 मतदाता मतदान के लिए पात्र थे। इनमें से 2860 सदस्यों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतगणना के बाद टीम तुलसी पटेल ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में सबसे अधिक सीटों पर कब्जा जमाया।

हालांकि व्यक्तिगत वोटों के मामले में टीम मुकेश के मुकेश कुमार अग्रवाल सबसे आगे रहे। उन्हें कुल 1827 वोट मिले और वह पहले स्थान पर रहे। वहीं, उनकी ही टीम के डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन को 1742 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।

लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बावजूद मुकेश कुमार अग्रवाल और उनकी टीम अपने अधिकतर समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकी। परिणाम के बाद अब सभी की नजरें नई कार्यकारिणी द्वारा अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों के चयन पर टिकी हैं।।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।