रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यभार संभालते ही अर्जुन सिंह ने स्पष्ट किया कि किसान मोर्चा को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने किसानों से चुनाव के समय 274 रुपये प्रति किलो यूरिया देने का वादा किया था, लेकिन आज किसानों को यह 1200 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद के वादे के मुकाबले महज 2400 रुपये में खरीदारी की जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि इस वादाखिलाफी के खिलाफ किसान मोर्चा पूरे राज्य में आंदोलन को तेज करेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वरीय नेताओं ने कहा कि जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के पक्ष को जनता के बीच मजबूती से रखने और 2029 के आगामी चुनावों को लक्ष्य बनाकर किसानों के हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी कल्याणकारी केंद्रीय योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह ने अर्जुन सिंह के लंबे संगठनात्मक अनुभव की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ एक धारदार आंदोलन खड़ा होगा।
वहीं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि किसान मोर्चा संगठन की रीढ़ है और पंचायत स्तर तक इसकी मजबूती से पूरा संगठन सशक्त होगा। मंच संचालन विक्रांत उपाध्याय ने किया और अजय मुंडा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर बालमुकुंद सहाय, अमरदीप यादव, बजरंगी प्रसाद यादव और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

