रांची: रांची नगर निगम में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की सफाई और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए एक आपात बैठक आयोजित की। महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी वार्डों के पार्षदों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
करमा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के लंबे सीजन को देखते हुए निगम ने बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करने का फैसला किया है।
बैठक के दौरान पूजा पंडालों और अखाड़ों के आसपास साफ-सफाई, पीने के पानी, स्ट्रीट लाइट, डस्टबिन और रास्तों की मरम्मत जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने के लिए डस्ट उपलब्ध कराने का टेंडर फाइनल हो चुका है। सभी 53 वार्डों से जरूरतों की सूची मांगी गई है और जल्द ही चिन्हित जगहों पर डस्ट गिराने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी इलाके में कोई समस्या या सुविधा की कमी हो, तो वे सीधे नगर निगम या अपने स्थानीय वार्ड पार्षद से संपर्क कर सकते हैं ताकि समय रहते व्यवस्था पूरी की जा सके।

