रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता और झारखंड अल्पसंख्यक महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष रिजवान क्रांतिकारी ने बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान SIR-2026 प्रक्रिया में आ रही समस्याओं, छात्रों की छात्रवृत्ति और लोकभवन के मुख्य द्वार पर उर्दू में नाम दोबारा लिखे जाने समेत कई विषयों पर चर्चा हुई।
रिजवान क्रांतिकारी ने कहा कि शिक्षा, सम्मान, अधिकार और प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाना झारखंड अल्पसंख्यक महासभा की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आम लोगों और छात्रों से जुड़े सवालों को सदन के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
महासभा की ओर से कहा गया कि राज्य के अल्पसंख्यक समुदाय और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा और संबंधित संस्थाओं के समक्ष समस्याओं को रखने का काम जारी रहेगा।

