नयी दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बृहस्पतिवार को त्यागराज स्टेडियम में दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित एक विशाल शिविर में रक्तदान किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी दिल्ली सरकार के मंत्रियों के साथ शिविर में रक्तदान किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शिविर में कुल 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए गुप्ता ने कहा कि मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस शिविर से 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य है।
गुप्ता ने कहा कि मोदी के जनप्रतिनिध के तौर पर 25 साल पूरे होने से प्रेरित ‘सेवा संकल्प अभियान’ दिल्ली में सेवा की भावना और जनभागीदारी को मजबूत कर रहा है।
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। वह 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2014 में प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए। उनके सात अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे।
उन्होंने कहा, “रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं है, बल्कि एक महान प्रतिज्ञा है, जो मानवता, करुणा और सहानुभूति के पवित्र बंधन को मजबूत करता है।”
गुप्ता ने दिल्ली का आधिकारिक अंग दान पोर्टल भी लॉन्च किया और अपने अंग दान करने का संकल्प लिया।
दिल्ली सरकार ने मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शहर भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए।
इससे पहले, गुप्ता ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाएं और कल्याणकारी योजनाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी और पहले चरण में 13 ऐसे केंद्र खोले जाएंगे।
गुप्ता ने जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में यज्ञ में भी भाग लिया।
दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद मांगने के उद्देश्य से “आशीर्वाद का दीया” अभियान के तहत कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीये जलाए।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार की ओर से दिल्ली सचिवालय में दो विशेष गीत भी जारी किए गए। इन गानों को स्कूली बच्चों ने गाया।
सीएमओ के बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने भी छात्रों के साथ गाना गया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद थे।

