बड़ी खबर: जमशेदपुर में बच्चों से भरी स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई, लगभग 17 बच्चे घायल, 2 की हालत गंभीर

जमशेदपुर में चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी वैन डिवाइडर से टकराई, 15 से 17 बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर, चालक भी गंभीर रूप से घायल।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: बड़ी खबर जमशेदपुर से सामने आ रही है। टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर रोड में एन-111 के पास चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियो के मुताबिक स्कूल वैन स्टेडियम की तरफ से बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान अचानक वैन का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। वैन से बच्चों के रोने की आवाज सुनते ही आसपास के घरों और फ्लैटों से लोग तुरंत बाहर निकल आए।

कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। घटना को लेकर बताया जा रहा कि हादसा संभवतः एक कार को बचाने की कोशिश के दौरान हुआ। सामने से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के बेहद करीब आ गई और उसे छूते हुए निकल गई। कार चालक की तरफ देखने और पीछे मुड़ने के दौरान वैन चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया। इसके बाद स्कूल वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना की असली वजह पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।