महंगाई झेल रही जनता आगामी चुनावों में प्रधानमंत्री को ‘आटे-दाल का भाव’ बताएगी : जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर महंगाई के मुद्दे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता सरकार को ‘आटे-दाल का भाव’ सिखाएगी।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘आटे-दाल का भाव’’ बता देगी।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह आरोप भी लगाया कि आम आदमी महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार ‘‘सच्चाई छिपाने’’ और आंकड़ों की ‘‘बाजीगरी’’ के जरिए महंगाई पर नियंत्रण का दावा करने में जुटी है।
उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी की थाली महंगी होती जा रही है, लेकिन सरकार आंकड़ों की बाजीगरी से महंगाई पर काबू पाने का दावा करना चाहती है।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आटा, दाल और खाद्य तेल समेत रसोई के जरूरी सामान की कीमतों से घरेलू बजट लगातार प्रभावित हो रहा है।
रमेश ने दावा किया कि जहां करोड़ों परिवार महंगाई से परेशान हैं, वहीं ‘‘कुछ मित्र पूंजीपति’’ इसका लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने सरकार पर महंगाई के मुद्दे पर वास्तविक स्थिति छिपाने का भी आरोप लगाया।
रमेश ने कहा, ‘‘मोदी जी, ये जो पब्लिक है, सब जानती है। महंगाई झेल रही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा की जनता चुनावों में आपको आटे-दाल का भाव मालूम करा देगी।’’
उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए और आम लोगों को राहत देनी चाहिए।

Share This Article