Chaibasa News: लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो घाटी स्थित प्रसिद्ध हिरणी जलप्रपात अपने बेहद मनोरम और उफान पर रूप में दिखाई दे रहा है। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी नदियां भर चुकी हैं, जिससे करीब 120 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी एक बेहद मनमोहक और रोमांचक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।
घने जंगलों के बीच स्थित यह जलप्रपात इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार इस फॉल को देखने के लिए राज्य के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। सैलानी यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का लुत्फ उठाने के साथ-साथ इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आ रहे हैं।
पर्यटन कर्मी नंदलाल पुर्ती ने बताया कि भारी बारिश के कारण जलप्रपात का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिरणी फॉल परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी लगातार निगरानी रख रहे हैं और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पर्यटकों को झरने के बिल्कुल निकट जाने से रोक रहे हैं। फिलहाल पर्यटकों को केवल सुरक्षित दूरी से ही जलप्रपात का दीदार करने की अनुमति दी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट रूप से पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें और जलप्रपात के आसपास निर्धारित सीमा से आगे न बढ़ें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।


