दुर्गापूजा को लेकर रांची नगर निगम की विशेष तैयारी, अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

दुर्गापूजा को लेकर रांची नगर निगम ने विशेष तैयारी शुरू की। 176 पूजा पंडालों को आठ जोन में बांटकर सफाई, रोशनी, जलापूर्ति और विसर्जन व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आगामी दुर्गाोत्सव के अवसर पर शहर में स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और प्रकाशमय वातावरण सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। मंगलवार 29 सितंबर को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता, विद्युत एवं जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पूजा समितियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई।

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने बैठक के दौरान कहा कि रांची में दुर्गा पूजा का आयोजन अत्यंत भव्य रूप से होता है और इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुगम आवागमन और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने पिछले वर्षों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इस वर्ष और भी अधिक तत्परता, बेहतर समन्वय और नागरिकों व पूजा समितियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निगम द्वारा शहर के 53 वार्डों में स्थित 176 पूजा पंडालों को 8 अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है, जो अपने-अपने आवंटित पूजा पंडालों का नियमित निरीक्षण करेंगे और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दुर्गोत्सव के दौरान तीन शिफ्टों में सफाई का कार्य संचालित किया जाएगा, जिसमें रात्रि कालीन सफाई टीम भी विशेष रूप से सक्रिय रहेगी। इसके अलावा पूजा पंडालों, संपर्क मार्गों, विसर्जन स्थलों के आसपास नियमित झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने, नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

लाइट व्यवस्था के तहत विद्युत शाखा को संबंधित एजेंसी मेसर्स तुलस्यान के साथ समन्वय स्थापित कर सभी स्ट्रीट लाइटों एवं बंद पथ-बत्तियों को दुरुस्त करने को कहा गया है। बड़ा तालाब, अपर बाजार और मेन रोड क्षेत्र के लिए विशेष टीमें गठित कर ब्लैक स्पॉट को चिह्नित करते हुए अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन को लेकर जलाशयों की साफ-सफाई और निर्धारित तालाबों में विसर्जन कुंड का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रतिमाओं का व्यवस्थित विसर्जन हो सके। अपर नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की ताकीद की है। बैठक में नगर प्रबंधक, सेनेटरी सुपरवाइजर सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।