रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। क्रिकेट फैंस के लिए टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को होगी ऑफलाइन टिकट जेएससीए स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर बनाए गए विशेष काउंटर से खरीदे जा सकेंगे। टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। हालांकि, दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।

टिकट खरीदने को लेकर भी सीमा तय की गई है। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा। वहीं, दर्शकों के पास ऑनलाइन टिकट बुक करने का विकल्प भी रहेगा। ऑनलाइन टिकटों की बिक्री District.in के जरिए की जाएगी।
मैच को देखते हुए JSCA की ओर से स्टेडियम और दर्शकों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां की जा रही हैं। दूसरे राज्यों से रांची आने वाले क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। 9 अक्टूबर के मुकाबले को लेकर रांची के स्थानीय क्रिकेट फैंस में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


