चंडीगढ़ : हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने शुक्रवार को अधिकारियों को मादक पदार्थ तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान करने और कानून के तहत ऐसी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कानूनी रूप से उचित मामलों में ऐसी संपत्तियों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा।

सिंघल ने जोर देकर कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों पर भी कार्रवाई करना जरूरी है। उन्होंने पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और हरियाणा को नशा-मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत समीक्षा की गई। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सिंघल ने बताया कि मादक पदार्थों के खतरे को खत्म करना हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी जिलों को इस उद्देश्य की दिशा में पूरी गंभीरता से काम करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


