Jamshedpur News : जमशेदपुर के सीतारामडेरा इलाके में 1 अक्टूबर की रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान काशीडीह निवासी राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू, साकची निवासी मो. कैफ उर्फ स्मोलू और गोलमुरी टुईलाडुंगरी निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और एक स्कूटी भी बरामद कर ली है।
शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए सीतारामडेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और पुख्ता सुरागों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले राज सिंह कश्यप और मो. कैफ को दबोचा। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हथियार और स्कूटी बरामद की गई। इसके बाद, जांच में इस वारदात को अंजाम देने में मदद करने वाले तीसरे आरोपी दशरथ शुक्ला की भूमिका सामने आई, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपी राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू का लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सोनारी, सिदगोड़ा, गोलमुरी, आरआईटी, घाटशिला, गालूडीह, कदमा, एमजीएम, आदित्यपुर और सीतारामडेरा थाने में साल 2019 से 2024 के बीच कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी मो. कैफ उर्फ स्मोलू के खिलाफ भी कदमा और साकची थाने में चार पुराने मामले दर्ज हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस फिलहाल इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इन बदमाशों तक हथियार कहां से पहुंचे थे, फायरिंग के पीछे असली वजह क्या थी और इस गिरोह के साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इन आरोपियों का संबंध किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से है या नहीं।


