महराजगंज (उप्र): महराजगंज जिले में 16 वर्षीय एक लड़की के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों को पिपरिया क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया और उनकी पहचान चौक थाना क्षेत्र के निवासी सिकंदर (25), राकेश (28) एवं दिलीप (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को चौक थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि तीनों आरोपी लड़की को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल वाले इलाके में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और कुछ दिन बाद लड़की को बरामद कर लिया गया।
इसके बाद आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस के दलों ने कई स्थानों पर तलाश की।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को मिली सूचना के आधार पर चौक पुलिस ने पिपरिया क्रॉसिंग के पास तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।


