जीवीसी एकीकरण , आपूर्ति श्रृंखला मजबूती और एफटीए निर्यात उच्चस्तरीय विनिर्माण के लिए अहम : डेलॉयट

डेलॉयट इंडिया ने भारत के निर्यात बढ़ाने के लिए वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जुड़ाव, मजबूत आपूर्ति व्यवस्था, एफटीए के बेहतर इस्तेमाल और एमएसएमई को सस्ती वित्तीय मदद जरूरी बताई।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं (जीवीसी) से भारत का जुड़ाव बढ़ाना, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करना और मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का बेहतर इस्तेमाल करना निर्यात तथा उच्चस्तरीय विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है। डेलॉयट इंडिया ने यह बात कही है। डेलॉयट इंडिया के साझेदार अनिल तलरेजा ने कहा कि भारत को बहु-माध्यम (मल्टीमॉडल) निर्यात गलियारों के जरिये माल ढुलाई की लागत घटाने के साथ बंदरगाह, परिवहन, भंडारण, रेल संपर्क और अंतिम छोर तक माल पहुंचाने की लागत कम करने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने प्रमुख निर्यात बाजारों में बदलते व्यापार नियमों, कार्बन सीमा समायोजन उपायों (सीबीएएम), उत्पाद मानकों और अन्य आवश्यकताओं पर नजर रखने के लिए ‘प्रतिक्रिया प्रकोष्ठ’ बनाने का सुझाव दिया। तलरेजा ने कहा कि भारत के निर्यात आधारित विनिर्माण को बड़े पैमाने के उत्पादन और असेंबली से आगे बढ़ाकर प्रौद्योगिकी, मूल्यवर्धन और जीवीसी में गहरे एकीकरण पर ध्यान देना चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, दवा, पूंजीगत सामान, रक्षा, वैमानिकी और स्वच्छ प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। डेलॉयट ने महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं में जोखिम कम करने, एफटीए को औद्योगिक रणनीति के अनुरूप बनाने और उलट शुल्क ढांचे की समीक्षा करने का सुझाव दिया।

एमएसएमई के लिए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत रियायती शुल्क का बेहतर लाभ उठाने को मूल स्थान के नियमों, मानकों और दस्तावेजीकरण संबंधी आवश्यकताओं के अनुपालन में सरकारी मदद देने की जरूरत बताई गई है। एमएसएमई देश के कुल निर्यात में करीब 48.58 प्रतिशत और विनिर्माण क्षेत्र में 45 प्रतिशत का योगदान करते हैं। तलरेजा ने एमएसएमई के लिए किफायती व्यापार वित्त की उपलब्धता बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि गारंटी की एवज में कुछ रखने की सीमित सुविधा की वजह से एमएसएमई को निर्यात से पहले और बाद में कर्ज लेने में कठिनाई होती है, जिससे उनकी वित्तीय लागत बढ़ती है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।