रांचीः झारखंड में अगले 24 घंटे में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम केंद्र के मुताबिक रांची में मॉनसून की वापसी हो चुकी है। फिलहाल एक टर्फ लाइन पूर्वोत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और ओडिशा होते हुए गुजर रही है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई रेखा सुपौल, रांची और रायपुर से होकर गुजर रही है। इन मौसमी सिस्टम के असर से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाओं का दौर रह सकता है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात की भी आशंका है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 5 अक्टूबर को राजधानी रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर गरज वाले बादल बनने की संभावना है। वहीं, 6 से 8 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बारिश और बादल के असर से रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
आज इन जिलों में दिखेगा मौसम का असर
5 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही, कुछ स्थानों पर वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।
6-7 अक्टूबर को पूरे राज्य में छाए रहेंगे बादल
6 और 7 अक्टूबर को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।


