रांची: रांची जिले के कांके थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (CIP) में इंटर्नशिप कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संस्थान के क्लिनिकल पीजी के छात्र आरोपी सार्थक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है, जो मूल रूप से राजस्थान के राजसमंद जिले का निवासी है। पीड़िता, जो पश्चिम बंगाल की रहने वाली है ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 28 जून को जब वह पीजी छात्र सार्थक से साइकोमीट्रिक टेस्ट से जुड़ी जानकारी ले रही थी, तभी आरोपी ने उसे अपने कमरे में बुलाया।

आरोप है कि कमरे में आरोपी ने पानी में नशीली दवा मिलाकर छात्रा को पिला दी, जिससे उसे तेज नींद आने लगी और वह असहाय होकर बेड पर लेट गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इंटर्नशिप समाप्त होने के बाद छात्रा जब 12 सितंबर को अपने घर बंगाल वापस लौटी, तो उसने 24 सितंबर को दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थाने में जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई। वहां से केस ट्रांसफर होकर रांची एसएसपी के पास पहुंचा, जिसके बाद कांके थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को आरोपी छात्र सार्थक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।


