निजामाबाद (तेलंगाना) : तेलंगाना के निजामाबाद जिले में पुलिस थाना परिसर में खुद को आग लगाने वाले 55 वर्षीय चाय दुकान संचालक की मंगलवार को एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति सोमवार को पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर भीमगल पुलिस थाने के परिसर में पहुंचा था। उसने खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ लोगों ने आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मंगलवार को इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दो स्थानीय पत्रकारों द्वारा कथित तौर पर धमकी दिए जाने से परेशान होकर चाय दुकान संचालक पुलिस थाने गया और वहां परिसर में खुद को आग लगा ली। पुलिस ने बताया कि एक किराना दुकान के मालिक ने हाल में अपनी दुकान से चाय दुकान संचालक द्वारा सिगरेट और अन्य सामान खरीदना बंद किए जाने के बाद दो पत्रकारों को उस व्यक्ति को धमकाने के लिए भेजा था।
पुलिस ने उसके खिलाफ देर रात तक (निर्धारित समय के बाद) चाय की दुकान चलाने के आरोप में मामूली मामला दर्ज किया था और एक पुलिस उपनिरीक्षक ने उसे अदालत में जुर्माना भरने को कहा था। निजामाबाद के पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य ने सोमवार को कहा था कि इस मामले में पुलिस की ओर से कोई गलती नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।


