दुर्गा पूजा में मेडिकल टीम चौक चौराहों पर रहेगी तैनात, स्वास्थ्य विभाग ने कर रखी है पूरी तैयारी

दुर्गा पूजा में रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : दुर्गा पूजा के अवसर पर राजधानी रांची में उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। त्योहार के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से तुरंत निपटने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग की इस मुकम्मल तैयारी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पूजा घूमने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी स्वास्थ्य समस्या या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद के अनुसार, शहर के अति व्यस्त और संवेदनशील इलाकों जैसे अल्बर्ट एक्का चौक, सदर थाना क्षेत्र और सेंट्रल कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक-एक मेडिकल टीम की तैनाती की गई है। यह टीम पूरी राजधानी को कवर करेगी। इसके अलावा जगन्नाथपुर, तुपुदाना, वृंदावन कॉलोनी, सुजाता चौक और रातू रोड जैसे प्रमुख और अधिक आवागमन वाले जगह पर भी चिकित्सा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है, ताकि इन इलाकों में पंडाल घूमने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इन सभी चिकित्सा केंद्रों और तैनात टीमों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 24 घंटे की व्यवस्था की गई है। ड्यूटी पर तैनात रहने वाले डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तीन अलग-अलग शिफ्टों में अपनी सेवाएं देंगे, जिससे हर समय आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहें। हर मेडिकल टीम के साथ तैनात एंबुलेंस में जीवन रक्षक और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक भी मौजूद रहेगा, ताकि मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जा सके। वही गंभीर स्थिति में मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।

लोगों की सुविधा और किसी भी बड़ी इमरजेंसी की स्थिति को संभालने के लिए सदर अस्पताल में भी बेड तैयार रखे गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत और बेहतर इलाज मिल सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से दुर्गा पूजा का आनंद लें। किसी भी सहायता के लिए विभाग द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम या तैनात मेडिकल टीमों से संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।