प्रशासन ने बैठक कर तैयार की सुरक्षा और यातायात योजना
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान करने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
शहर के 13 मार्गों पर बदलेगा यातायात
जाम से बचने के लिए मोबाइल गली, टावर चौक से मधुबन, मकतपुर चौक से बजरंग चौक, काली बाड़ी से मकतपुर चौक, बजरंग चौक से बीबीसी चौक, मछली पट्टी से बस स्टैंड और गांधी चौक से बड़ा चौक समेत 13 मार्गों पर वन-वे, बैरिकेडिंग और प्रवेश प्रतिबंध की व्यवस्था रहेगी।
इसके अतिरिक्त टावर चौक, पदम चौक, बभनटोली, बरमसिया चौक, वीर कुंवर सिंह चौक से 100 मीटर आगे और तिरंगा चौक पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें बस स्टैंड (टेंपो स्टैंड), अंटा बंगला मैदान, अपकारी मैदान बरमसिया, झंडा मैदान, ओल्ड बस स्टैंड कोलडीहा, सर्कस मैदान और पुराना जेल परिसर शामिल हैं।
स्टेशन रोड क्षेत्र में अंटा बंगला मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर डीआरएम से बातचीत की जा रही है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर कब रहेगी रोक?
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, भारी वाहनों का परिचालन 15 से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, 18 से 21 अक्टूबर तक सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, जरूरत के अनुसार कंट्रोल रूम बनाने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने और प्रवेश तथा निकास के लिए अलग-अलग द्वार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही महिला और पुरुष वॉलंटियर्स की पर्याप्त तैनाती, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। प्रशासन ने पूजा समितियों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
बैठक में एएसपी, डीएसपी मुख्यालय, बीडीओ, अंचलाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।


