रांची: झारखंड में मॉनसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई जिलों में सुबह हल्की धुंध देखने को मिल रही है, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो जाती है। हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास भी होने लगा है। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं, स्थानीय मौसम परिस्थितियों के चलते कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 अक्टूबर को रांची और बोकारो में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, जमशेदपुर जैसे मैदानी इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। फिलहाल रांची में अधिकतम तापमान 29°C, जबकि पलामू में पारा 32°C तक पहुंच चुका है।
रांची, जमशेदपुर समेत झारखंड के प्रमुख जिलों में कितना रहेगा तापमान?
IMD के आंकड़ों के अनुसार झारखंड के अलग-अलग जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं सुबह और रात में मौसम सुहाना बना हुआ है, तो कहीं दिन के समय गर्मी परेशान कर रही है। 21 अक्टूबर को प्रमुख जिलों में तापमान का हाल कुछ इस तरह रहने का अनुमान है।
रांची: अधिकतम 29°C और न्यूनतम 15°C
पलामू: अधिकतम 32°C और न्यूनतम 19°C
जमशेदपुर: अधिकतम 33°C और न्यूनतम 23°C
धनबाद: अधिकतम 32°C और न्यूनतम 21°C
बोकारो: अधिकतम 30°C और न्यूनतम 18°C
रामगढ़: अधिकतम 30°C और न्यूनतम 19°C
गुमला: अधिकतम 29°C और न्यूनतम 16.5°C
मौसम के इस बदलते मिजाज में रांची में सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी बढ़ जाती है। पलामू में भी दिन के वक्त गर्मी का असर बना हुआ है। वहीं, जमशेदपुर में दूसरे कई जिलों के मुकाबले तापमान ज्यादा रहने की संभावना है। दूसरी ओर, गुमला में सुबह और रात का मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना हुआ है।
आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
रांची स्थित मौसम केंद्र की ओर से 20 अक्टूबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक, 21 से 26 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
21 से 26 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
21 अक्टूबर: राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह हल्की धुंध छाने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी।
22 अक्टूबर: मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
23 अक्टूबर: दिन में अच्छी धूप खिलने का अनुमान है। दोपहर के समय तापमान बढ़ने से हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
24 अक्टूबर: राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम साफ और सामान्य रहने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।


