कोड लॉक से बंद था फ्लैट, ड्राइवर की मदद से खुला दरवाजा
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा कोड वाले लॉक से बंद था। बाद में ड्राइवर की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। पुलिस ने अंदर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में महिला अधिवक्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज, पति की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि अनुष्का चक्रवर्ती ने करीब तीन वर्ष पहले कुशाग्र रुद्र से प्रेम विवाह किया था। दोनों गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 में साथ रहते थे। उनके साथ एक पालतू कुत्ता भी रहता था।
घटना के बाद से पति के फ्लैट से गायब होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह पालतू कुत्ते को भी अपने साथ ले गया है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, पति के लापता होने की परिस्थितियों को लेकर अभी जांच के निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं।
पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, जताई हत्या की आशंका
अनुष्का की मौत के बाद उनके पिता ने अपने दामाद पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी की मौत को केवल आत्महत्या मानकर नहीं देखा जाना चाहिए और मामले की हत्या के एंगल से भी जांच होनी चाहिए।
परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बेटी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


