डिमना की 13 एकड़ सरकारी जमीन पर बनेगा खेल मैदान? स्थानीय लोगों ने उठाई मांग, CPCB गाइडलाइन का दिया हवाला

जमशेदपुर में डिमना-पारडीह के बीच 13 एकड़ सरकारी जमीन पर खेल मैदान बनाने की मांग तेज हुई है। स्थानीय लोगों ने पहले कचरा हटाने और जमीन की जांच कराने की मांग की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच स्थित करीब 13 एकड़ सरकारी जमीन पर खेल मैदान विकसित करने की मांग तेज हो गई है। जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के नेतृत्व में स्थानीय कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधियों ने वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर सभा कर तीन सूत्री संकल्प पारित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे स्थित इस जमीन के आसपास कई आवासीय कॉलोनियां और बस्तियां हैं। क्षेत्र में हजारों परिवार रहते हैं, लेकिन बच्चों और युवाओं के खेलने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस जमीन पर खेल मैदान और अन्य जनसुविधाएं विकसित करना क्षेत्र के लोगों के हित में होगा।

पहले हटाया जाए वर्षों से जमा कचरा

सौरभ विष्णु ने कहा कि जमीन पर वर्षों से जमा कचरे को केवल फैलाकर, दबाकर या जलाकर समस्या का समाधान नहीं किया जाना चाहिए। कचरे को वैज्ञानिक तरीके से हटाने के बाद मिट्टी और जमीन की जांच कराई जाए तथा इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही भविष्य में इसके उपयोग पर निर्णय लिया जाए।

उन्होंने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की फरवरी 2019 में जारी Guidelines for Disposal of Legacy Waste (Old Municipal Solid Waste) का हवाला देते हुए कहा कि पुराने कचरा स्थलों पर उपयोग संबंधी प्रतिबंधों और सुरक्षा प्रावधानों को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने खेल मैदान, पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से पहले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का आकलन करने की मांग की।
NGT के आदेश का भी दिया हवाला

स्थानीय प्रतिनिधियों के अनुसार, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 23 सितंबर 2026 के आदेश में इस जमीन पर नियमों के विरुद्ध कचरा डालने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। लोगों ने आदेश का पूरी तरह पालन कराने और जमीन से कचरा हटाने की मांग की है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।