देवघर : राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को सारवां में एकता, उत्साह और खेल भावना का संगम देखने को मिला। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत आयोजित मैराथन में जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पूर्व कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक बादल पत्रलेख की अगुवाई में बेहराकनारी मोड़ से सारवां प्रखंड स्तरीय स्टेडियम तक मैराथन निकाली गई। प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के धावकों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें धनबाद के महुदा निवासी धावक अजय राय ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। सुबह से ही आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों और दर्शकों की भीड़ जुटने लगी थी।

जैसे ही बादल पत्रलेख ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया, सैकड़ों प्रतिभागी निर्धारित मार्ग पर दौड़ पड़े। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्कूली बच्चों की कतारबद्ध उपस्थिति ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। युवाओं का जोश और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस एकजुट भारत का सपना देखा था, उसे मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सारवां की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है प्रतिभाओं को सही मंच और अवसर देने की। ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। एकलव्य फिजिकल एकेडमी जैसे प्रयास इसी दिशा में महत्वपूर्ण हैं।- हमारा उद्देश्य ऐसा सारवां बनाना है, जहां युवा नशे और भटकाव से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अनुशासन के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं। युवा आगे बढ़ेंगे तो सारवां के साथ समृद्ध झारखंड और सशक्त भारत का सपना भी साकार होगा।
1600 और 400 मीटर दौड़ में बालक-बालिकाओं ने दिखाया दमखम

मैराथन के समापन के बाद प्रखंड स्तरीय स्टेडियम में 1600 मीटर और 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय तुतरांचल एकेडमी और एकलव्य फिजिकल एकेडमी के युवाओं तथा विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्कूली बच्चों की कतारबद्ध श्रृंखला और देशभक्ति के नारों ने पूरे माहौल को राष्ट्रीय एकता के रंग में रंग दिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख फुकनी देवी, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह, मुखिया दिवाकर पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार, अंचलाधिकारी राजेश साह, रामसेवक सिंह गुंजन, डॉ. प्रियंका कुमारी, अजय कुमार सिंह, विजय कुमार देव, थाना प्रभारी संदीप कुमार, सीएचसी प्रभारी डॉ. बीके सिन्हा, राजेश सिंह, सुधीर सिंह, संतोष सिंह, विनय सिंह, राजेश यादव, भोला यादव, साकेत कुमार सिंह, विक्रम सिंह और राजीव कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस मैराथन ने सारवां में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।


