धनबाद : कोयला नगरी की धरती से निकलकर अब देश के बड़े क्रिकेट मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी में दो युवा खिलाड़ी लगे हैं। जी हां, धनबाद के कुनैन कुरैशी और प्रतीक रंजन ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों का चयन बीसीसीआई के प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए झारखंड टीम में किया गया है।

लंबे अरसे बाद धनबाद के दो क्रिकेटरों को एक साथ देश के इस बड़े घरेलू टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलने से स्थानीय क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। अब इन दोनों खिलाड़ियों के पास अपनी बल्लेबाजी और खेल कौशल से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर होगा। इनमें कुनैन कुरैशी पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वह दलीप ट्रॉफी में चैंपियन बनी टीम का हिस्सा रहकर खिताबी सफलता में अहम योगदान दे चुके हैं। ऐसे में सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

वहीं, प्रतीक रंजन के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है। सरायढेला निवासी प्रेम रंजन के पुत्र प्रतीक का पहली बार सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के लिए झारखंड की सीनियर टीम में चयन हुआ है। हालांकि, जूनियर क्रिकेट में वह पहले ही अपनी पहचान बना चुके हैं। प्रतीक अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता ने धनबाद के युवा क्रिकेटरों में नया उत्साह भर दिया है। अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कुनैन और प्रतीक टी-20 के इस बड़े मंच पर अपने प्रदर्शन से धनबाद का नाम कितना रोशन करते हैं।


