गोस्सनर कॉलेज का मास कम्युनिकेशन विभाग : जहां पढ़ाई के साथ मिलती है हुनर को नई पहचान

रांची के गोस्सनर कॉलेज में मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की पढ़ाई विद्यार्थियों को पत्रकारिता, फिल्म मेकिंग, वीडियो एडिटिंग और डिजिटल मीडिया में करियर बनाने का अवसर देती है।

Archana Ekka
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अर्चना एक्का

रांची : राजधानी रांची के सुजाता चौक के पास स्थित प्रसिद्ध शिक्षण संस्थानों में से एक गोस्सनर कॉलेज अपनी खूबसूरत आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाना जाता है। गोस्सनर कॉलेज की स्थापना 1 नवंबर 1971 को हुई थी। प्रत्येक वर्ष 1 नवंबर को कॉलेज का स्थापना दिवस मनाया जाता है। कॉलेज में मुख्य रूप से तीन भवन हैं, जिनमें आर्ट्स एंड कॉमर्स ब्लॉक, साइंस ब्लॉक और वोकेशनल ब्लॉक शामिल हैं। कॉलेज में कई विभाग संचालित हैं, लेकिन इनमें एक ऐसा विभाग भी है जो अपनी पढ़ाई के अलग और रोचक तरीके के लिए खास पहचान रखता है। इस विभाग का नाम है मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन।

मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन : करियर के कई अवसर

रांची में गोस्सनर कॉलेज उन संस्थानों में शामिल है, जहां मास कम्युनिकेशन के साथ वीडियो प्रोडक्शन की पढ़ाई का अवसर मिलता है। अन्य कॉलेजों में जहां पत्रकारिता की पढ़ाई उपलब्ध है, वहीं गोस्सनर कॉलेज में पत्रकारिता के साथ वीडियो प्रोडक्शन की शिक्षा भी दी जाती है।

यह एक ऐसा कोर्स है, जिसमें विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल के माध्यम से भी सिखाया जाता है। यही वजह है कि इस विषय की पढ़ाई विद्यार्थियों के लिए काफी रोचक और अनुभवपूर्ण बन जाती है। वर्तमान समय में मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के कारण भी विद्यार्थियों की रुचि इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है।

इस कोर्स की सबसे खास बात यह है कि इसमें करियर के कई विकल्प मौजूद हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार पत्रकार, एंकर, रिपोर्टर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और ग्राफिक डिजाइनर बन सकते हैं। वहीं, सिनेमा की दुनिया में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए डायरेक्टर, सिनेमैटोग्राफर, डीओपी (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी) और वीडियो एडिटर जैसे करियर विकल्प भी उपलब्ध हैं।

अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में निखरता है विद्यार्थियों का हुनर

किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान वहां की शिक्षा के साथ-साथ उसके शिक्षकों से भी होती है। गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन विभाग में तेज मुंडू सहित कई अनुभवी और प्रतिभाशाली शिक्षक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हैं।

तेज मुंडू नागपुरी संगीत और सिनेमा उद्योग, जिसे आमतौर पर जॉलीवुड कहा जाता है, को एक नई पहचान और दिशा देने में पर्दे के पीछे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे साउंड रिकॉर्डिस्ट, ऑडियो मास्टरिंग इंजीनियर और साउंड इंजीनियर के रूप में कार्य करते हैं। विभाग में वे विद्यार्थियों को साउंड से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करते हैं।

वहीं, पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आशीष तिग्गा विद्यार्थियों को पत्रकारिता की बारीकियां सिखाते हैं। मीणा सिंह कम्युनिकेशन और रिसर्च की शिक्षा देती हैं। अंजू कुमार एडिटिंग और स्क्रिप्टिंग का ज्ञान देते हैं, जबकि संतोष कुमार एडवरटाइजमेंट से संबंधित विषय पढ़ाते हैं। इसके अलावा प्रो. महिमा गोल्डन बिलुंग इस विभाग की विभागाध्यक्ष (एचओडी) हैं और विभाग का नेतृत्व करती हैं।

विद्यार्थियों की संख्या और फीस की  जानकारी

इस विभाग की प्रत्येक कक्षा में लगभग 50 विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। वहीं, कोर्स की फीस की बात करें तो सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 36,000 रुपये प्रतिवर्ष, जबकि एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 31,000 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित है।

आज के दौर में मीडिया का क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, टेलीविजन और सिनेमा जैसे माध्यमों ने युवाओं के लिए करियर के नए रास्ते खोले हैं। ऐसे में मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन जैसे कोर्स विद्यार्थियों को न केवल किताबी ज्ञान देते हैं, बल्कि उन्हें वास्तविक दुनिया में काम करने के लिए जरूरी तकनीकी और व्यावहारिक कौशल भी सिखाते हैं।

गोस्सनर कॉलेज का यह विभाग उन विद्यार्थियों के लिए एक अच्छा अवसर है, जो पत्रकारिता, कैमरा, वीडियो एडिटिंग, सिनेमा और रचनात्मक मीडिया के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। यहां पढ़ाई के साथ-साथ अपने हुनर को पहचानने, निखारने और एक बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।