जमशेदपुर: शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता भगवान दास (65) का बुधवार को टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से जमशेदपुर के विधि जगत और न्यायालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। 7 नवंबर को कदमा स्थित कीनन स्टेडियम के पास हुए सड़क हादसे में भगवान दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल TMH में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि, चार दिनों तक चले इलाज के बाद बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। भगवान दास कदमा स्थित ईसीसी फ्लैट में रहते थे। बुधवार को ही उनका अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

भगवान दास के निधन पर सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। अधिवक्ता हेमंत कुमार, रमेश प्रसाद, अक्षय कुमार झा, राजेश कुमार प्रमाणिक, विजय शर्मा, मिथिलेश सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



