गुमला: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान विजया राहटकर ने झारखंड में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई। निशा भगत मामले में राज्य सरकार की ओर से CBI जांच की अनुशंसा का उन्होंने स्वागत किया, लेकिन साथ ही कहा कि केवल जांच की अनुशंसा कर देने से सरकार की जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन को भी सख्त कदम उठाने होंगे।

आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने पहले ही डीजीपी से इस मामले की जानकारी ली थी और गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि रांची पहुंचने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी।



