भोपाल: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवादों में आ गई हैं। उनकी एक तस्वीर में नजर आए खास पेंडेंट पर भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपने वकील जफर के जरिए अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में करीना से विवादित पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की गई है।

अब्बास हफीज के मुताबिक करीना ने इंस्टाग्राम पर जो तस्वीरें साझा की हैं, उनमें पहने गए गहनों में एक पेंडेंट और कलगी शामिल है। उनका दावा है कि ये दोनों भोपाल की रियासत और शाही परिवार की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा हैं। कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि उन्हें करीना के कलगी या पारंपरिक लिबास पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। उनकी नाराजगी खास तौर पर पेंडेंट को लेकर है। उनके अनुसार, यह करीब 400 साल पुराना है और इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं।

भोपाल की बेगमों से जुड़ा बताया जा रहा है पेंडेंट
अब्बास हफीज का दावा है कि इस पेंडेंट को भोपाल की पूर्व शासक शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी धार्मिक आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। उनका कहना है कि इस तरह के गहने को फैशन या दिखावे के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लाम में कुरान की आयतों का विशेष सम्मान है। मुस्लिम समुदाय के लोग इन आयतों को बेहद पवित्र मानते हैं और उनसे जुड़ी धार्मिक मर्यादाओं का ध्यान रखते हैं।
पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
कांग्रेस नेता का कहना है कि इस्लामिक धर्मगुरु भी कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ राय रखते रहे हैं। ऐसे में धार्मिक महत्व रखने वाले पेंडेंट को फैशन के तौर पर दिखाना लोगों की भावनाओं को आहत कर सकता है। इसी आधार पर अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने अभिनेत्री से इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की हिदायत भी दी है।


