स्वच्छता के मामले में जमशेदपुर का फिर बजा डंका, राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय मंच पर किया सम्मानित

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शानदार प्रदर्शन के लिए जमशेदपुर को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में झारखंड के प्रतिनिधियों ने सम्मान प्राप्त किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम, प्रभावी नगर प्रबंधन और शहरवासियों की भागीदारी के दम पर जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शानदार प्रदर्शन के लिए शहर को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में जमशेदपुर को यह सम्मान मिला।

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर के 4,751 नगरीय निकायों ने हिस्सा लिया था। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 63 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। ऐसे में जमशेदपुर को इस प्रतिष्ठित समारोह में सम्मान मिलना शहर की स्वच्छता व्यवस्था और लगातार किए जा रहे प्रयासों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। समारोह में झारखंड की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद और टाटा स्टील यूआईएसएल के जनरल मैनेजर (टाउन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) रविंद्र कुमार सिंह ने प्रतिनिधित्व किया।

जमशेदपुर को मिली इस सफलता के पीछे स्वच्छता के प्रति संस्थागत प्रतिबद्धता, आधुनिक तकनीक, बेहतर निगरानी व्यवस्था और शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी की अहम भूमिका रही है। शहर में घर-घर से कचरा उठाने, कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने और उसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान की व्यवस्था पर लगातार काम किया जा रहा है। इसके अलावा आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) और जैविक कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के जरिए भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।