रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मनाया गया अंतरराष्ट्रीय ATSEP दिवस, अधिकारियों को किया गया सम्मानित

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय ATSEP दिवस 2026 मनाया गया। समारोह में विमानन सुरक्षा और हवाई यातायात संचालन में तकनीकी कर्मियों के योगदान को सम्मानित किया गया।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सुरक्षित हवाई सफर के पीछे सिर्फ पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ही नहीं, बल्कि कई ऐसे तकनीकी विशेषज्ञ भी होते हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर विमानन सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। इन्हीं तकनीकी कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के लिए गुरुवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची में अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक सेफ्टी इलेक्ट्रॉनिक्स पर्सनल (ATSEP) दिवस 2026 मनाया गया।

इस अवसर पर विमानन सुरक्षा और हवाई यातायात के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले CNS अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार, CNS प्रभारी अविनाश सोरेंग, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और CNS कर्मी शामिल हुए। समारोह के दौरान केक काटकर तकनीकी टीम के समर्पण और सेवाओं को सम्मानित किया गया।

क्या होते हैं ATSEP अधिकारी?

ATSEP यानी Air Traffic Safety Electronics Personnel ऐसे कुशल तकनीकी अधिकारी होते हैं, जो विमानन क्षेत्र में संचार, नेविगेशन और निगरानी (CNS) प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संभालते हैं।

इन प्रणालियों के माध्यम से पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों के बीच संपर्क बना रहता है। साथ ही विमानों को सटीक नेविगेशन मार्गदर्शन और उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाती है। हवाई यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में इन तकनीकी प्रणालियों की अहम भूमिका होती है।

विमानन सुरक्षा के Unsung Heroes को मिला सम्मान

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) का CNS विभाग VHF संचार उपकरण, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), DVOR, DME, ADS-B और ऑटोमेशन सिस्टम सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकी उपकरणों का संचालन एवं रखरखाव करता है।

ATSEP कर्मी पर्दे के पीछे रहकर इन प्रणालियों की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता बनाए रखने का काम करते हैं। इनकी तकनीकी दक्षता और सतर्कता सुरक्षित हवाई यातायात संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

अंतरराष्ट्रीय ATSEP दिवस के अवसर पर विमानन सुरक्षा के इन अनदेखे नायकों यानी Unsung Heroes के समर्पण, तकनीकी दक्षता और प्रतिबद्धता को सराहा गया। इनका योगदान यात्रियों की सुरक्षित, विश्वसनीय और सुगम हवाई यात्रा सुनिश्चित करने में अहम है।

Share This Article