चाईबासा: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। पर्व की शुरुआत से पहले ही घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। कहीं पूजा सामग्री जुटाई जा रही है, तो कहीं छठ के प्रसाद ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं की साफ-सफाई और उसे धोकर सुखाने का काम शुरू हो गया है।
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। इसको लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। छठ पूजा में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी परंपरा के तहत महिलाएं पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ गेहूं तैयार करने में जुटी हैं।
इन घाटों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु
पश्चिमी सिंहभूम जिले में छठ पूजा को लेकर प्रमुख घाटों पर भी तैयारियां की जा रही हैं। चाईबासा के रोरो नदी घाट और चक्रधरपुर के पुरानी बस्ती स्थित छठ नदी घाट पर हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
इसके अलावा मनोहरपुर, जगन्नाथपुर, गोइलकेरा और सोनुवा समेत जिले के अन्य इलाकों में भी छठ पर्व धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है।
चार दिनों तक चलेगी छठ पूजा
छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। इसके बाद शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर पूरे पश्चिमी सिंहभूम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनने लगा है।


