बंगाल जाने के दौरान पूर्व CM चंपाई सोरेन के काफिले की गाड़ी खराब,संबंधित अधिकारी ने नहीं उठाया फोन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान कोलाघाट के पास काफिले की गाड़ी खराब। जर्जर वाहनों और लचर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर उठे गंभीर सवाल।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन के काफिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पश्चिम बंगाल दौरे के क्रम में कोलाघाट के पास उनके काफिले में शामिल एक वाहन अचानक खराब हो गया। हैरानी की बात यह है कि इस आपात स्थिति में जब संबंधित अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्रियों के काफिले में शामिल अधिकांश वाहन काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इसके चलते आए दिन इस तरह की तकनीकी खराबी सामने आती रहती है। बार-बार पत्राचार करने के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से इस गंभीर मामले में कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। कोलाघाट में गाड़ी खराब होने के बाद सुरक्षा जवानों को दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर आगे भेजा गया।

आपको बता दें कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा के काफिले में शामिल वाहन भी इस तरह की तकनीकी खराबी का शिकार हो चुके हैं। हाल ही में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूर्व मुख्यमंत्रियों के काफिले में उपयोग हो रहे पुराने वाहनों की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता जताई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को प्राप्त ‘जेड प्लस’ (Z-Plus) सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक इनोवा, एक बुलेटप्रूफ वाहन और एक जैमर वाहन शामिल रहता है। बताया गया है कि काफिले में शामिल बुलेटप्रूफ वाहन वर्ष 2012 का है और अब तक लगभग पौने तीन लाख किलोमीटर चल चुका है। पुरानी और जर्जर स्थिति के कारण यह वाहन अक्सर खराब हो जाता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ होने का आरोप लगाया जा रहा है।

Share This Article