Gumla News: गुमला में नदी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दरअसल, बसिया थाना क्षेत्र के ओकबा पंचायत अंतर्गत तेतरटोली गांव में वह नदी में हाथ-पैर धोने गया, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया जिससे उनकी मौत हो गई। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रवीण बाड़ा के रूप में हुई है। प्रवीण दिनभर मजदूरी करने के बाद नदी के पास हाथ-पैर धो रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा गिरा। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा। उसे डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया। जहां, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि, प्रवीण परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। कुछ साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका था। घर में उसकी विधवा मां और बड़ा भाई हैं। प्रवीण ही मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था और घर की जिम्मेदारी संभालता था। उसकी अचानक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे तेतरटोली गांव में शोक का माहौल है।


