26 साल बाद मिला झारखंड आंदोलनकारी प्रमोद कुमार दुबे को प्रशस्ति पत्र, सम्मान के साथ छलक उठा दर्द

झारखंड आंदोलनकारी प्रमोद कुमार दुबे को 26 साल बाद प्रशस्ति पत्र मिला। सम्मान मिलने पर उन्होंने कहा कि असली सम्मान तब होगा, जब झारखंड के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : झारखंड राज्य आंदोलन में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गणेश चन्द्र दुबे के पौत्र एवं झारखंड आंदोलनकारी तथा समाजसेवी प्रमोद कुमार दुबे को 26 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुआ। हालांकि यह सम्मान उनके लिए खुशी से अधिक आत्ममंथन और भावुकता का विषय बन गया। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने के बाद प्रमोद कुमार दुबे ने दुखी मन से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हमने प्रशस्ति पत्र लेने के लिए झारखंड आंदोलन नहीं किया था। हमने आंदोलन इसलिए किया था ताकि अलग झारखंड राज्य का निर्माण हो, यहां के स्थानीय लोगों को उनका अधिकार मिले, युवाओं को रोजगार मिले और झारखंड की जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा हो। लेकिन दुर्भाग्य है कि हमने जिस झारखंड की कल्पना की थी, वह सपना आज भी अधूरा है।

उन्होंने कहा कि आज भी झारखंड के हजारों परिवार संघर्षपूर्ण जीवन जीने को मजबूर हैं। रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में राज्य के युवा एवं मजदूर दूसरे राज्यों में जाकर खटने-कमाने को विवश हैं। वहीं दूसरी ओर झारखंड की बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा और खनिज संसाधनों की लूट पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि जिन जनप्रतिनिधियों पर राज्य के संसाधनों और जनता के हितों की रक्षा की जिम्मेदारी है, उन्हीं के कार्यकाल में राज्य की संपत्ति के दोहन और लूट को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

प्रमोद कुमार दुबे ने भावुक स्वर में कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ, पद या सम्मान के लिए संघर्ष नहीं किया था। उनका सपना था कि झारखंड के लोगों को सम्मानजनक जीवन, शिक्षा, रोजगार और अपने संसाधनों पर अधिकार मिले। आज 26 वर्षों बाद प्रशस्ति पत्र मिलना निश्चित रूप से एक औपचारिक सम्मान है, लेकिन असली सम्मान तब होगा जब झारखंड का आम नागरिक खुशहाल होगा और यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। 26 वर्षों बाद मिला प्रशस्ति पत्र झारखंड आंदोलन के इतिहास की एक याद दिलाने वाली घटना जरूर है, लेकिन प्रमोद कुमार दुबे के सवाल आज भी प्रासंगिक हैं-आखिर जिस सपने को लेकर झारखंड बना था, वह सपना कब साकार होगा?

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।