Ranchi News: राजधानी रांची के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की बदहाल व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू हो गई है। बस स्टैंड परिसर में फैले अतिक्रमण, अव्यवस्थित बस पड़ाव, खराब स्ट्रीट लाइट और यात्रियों की सुविधाओं में कमी को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बस टर्मिनल का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान आश्रय गृह के पास स्थित एक जर्जर भवन को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया। इसके बाद नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने उसी दिन भवन हटाने की कार्रवाई की।

करीब 15.33 एकड़ में फैले बस टर्मिनल में नगर आयुक्त ने शौचालय, प्रतीक्षालय, आश्रय गृह, डोरमेट्री, कमरे, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वार का जायजा लिया। इस दौरान बसों के बेतरतीब ठहराव और अतिक्रमण के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानियों पर चिंता जताई गई।
बस पड़ाव की होगी नंबरिंग, लगेंगे दिशा-सूचक बोर्ड
बस टर्मिनल में सभी निर्धारित बस पड़ावों की मार्किंग और नंबरिंग की जाएगी। प्रत्येक पड़ाव पर सूचना पट्ट और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को अपनी बस खोजने में परेशानी न हो। बस संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही बसें खड़ी करनी होंगी। अवैध बस धुलाई, अनधिकृत टिकट काउंटर और प्रचार गतिविधियों पर भी रोक लगाई जाएगी।
अवैध दुकानों और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
बस स्टैंड परिसर में बनी अस्थायी दुकानों, अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण को हटाने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम नियमित निगरानी करेगी। यात्री सुविधाओं तक पहुंचने वाले रास्तों को भी अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।
स्ट्रीट लाइट और शौचालयों की व्यवस्था होगी बेहतर
परिसर की खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के साथ जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाई जाएंगी। खुले नालों को स्लैब से ढका जाएगा और पेवर ब्लॉक लगाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा शौचालयों की नियमित सफाई, बाउंड्री वॉल की रंगाई-पुताई और लैंडस्केपिंग के जरिए बस टर्मिनल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
ठंड से पहले दुरुस्त होगा आश्रय गृह
आगामी ठंड को देखते हुए आश्रय गृह में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उसे सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया है। डोरमेट्री, कमरे और टिकट काउंटर की व्यवस्था भी बेहतर बनाई जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि खादगढ़ा बस टर्मिनल शहर का महत्वपूर्ण यात्री केंद्र है। यहां स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


