

क्या-क्या संपत्तियां हुई थीं कुर्क?
ED ने जांच के दौरान 1 दिसंबर 2022 को रांची स्थित पल्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, पल्स डायग्नोस्टिक एंड इमेजिंग सेंटर और दो भूखंडों समेत कुल 82.77 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। मई 2023 में PMLA के निर्णायक प्राधिकरण ने भी इस कुर्की की पुष्टि कर दी थी।
कंपनी ने ED के आरोपों को दी चुनौती
ED का आरोप है कि मनरेगा घोटाले से कथित तौर पर अर्जित अपराध की आय का इस्तेमाल अस्पताल और उससे जुड़ी संपत्तियों में निवेश के लिए किया गया था।
वहीं, पल्स संजीवनी हेल्थकेयर और अन्य संबंधित पक्षों ने इन आरोपों का विरोध किया। कंपनी का दावा है कि अस्पताल के निर्माण में बैंक ऋण, पारिवारिक सहयोग, ऑस्ट्रेलिया में अर्जित कमाई और अन्य वैध स्रोतों से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया गया था।
क्या है मनरेगा घोटाले से जुड़ा पूरा मामला?
ED की जांच खूंटी जिले में मनरेगा योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितताओं से शुरू हुई थी। जांच के अनुसार, फरवरी 2009 से जुलाई 2010 के बीच पूजा सिंघल खूंटी की उपायुक्त थीं। इस दौरान तत्कालीन जूनियर इंजीनियर रामविनोद प्रसाद सिन्हा के माध्यम से सरकारी राशि के गबन का आरोप सामने आया था। ED के मुताबिक, इस मामले में करीब 18.06 करोड़ रुपये की सरकारी राशि के गबन का आरोप है।
6 मई 2022 को ED ने पूजा सिंघल, उनके पति अभिषेक झा और चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार समेत कई लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 19.76 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके बाद पूजा सिंघल और सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया था।
अब हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी निगाहें
24 सितंबर 2025 को PMLA अपीलीय न्यायाधिकरण ने कंपनी, पूजा सिंघल और अन्य संबंधित पक्षों की अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद कंपनी ने झारखंड हाईकोर्ट में अपील दाखिल की।
गुरुवार को न्यायमूर्ति संजय प्रसाद की एकल पीठ में मामले की सुनवाई हुई। कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एस. नागामुथु और स्नेह सिंह ने पक्ष रखा, जबकि ED की ओर से अमित कुमार दास और सौरभ कुमार ने दलीलें पेश कीं।


