Palamu News: मेदिनीनगर में महिला की बेरहमी से हत्या, जाने क्या है पूरा मामला

News Aroma Desk
3 Min Read
Palamu News: मेदिनीनगर में महिला की बेरहमी से हत्या, सिर पर चाकू से 5-6 वार
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के नावाटोली मोहल्ले में 43 वर्षीय साधना सिंह की उनके घर में ही चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर चाकू से पांच से छह बार हमला किया गया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जबकि गुरुवार को परिजनों के घर पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक प्लंबर को हिरासत में लिया है।

घर में अकेली रहती थीं साधना सिंह

जानकारी के अनुसार, साधना सिंह नावाटोली स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति आनंद कुमार सिंह जमशेदपुर में नौकरी करते हैं, जबकि 21 वर्षीय बेटी दिल्ली में काम करती है। बुधवार रात अपराधियों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। वारदात के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।

किरायेदार के फोन से हुआ हत्या का खुलासा

गुरुवार को नीचे के तल्ले में रहने वाले किरायेदार ने पानी की मोटर चालू कराने के लिए साधना सिंह को कई बार फोन किया। लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठने पर किरायेदारों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने महिला के गढ़वा स्थित मायके में इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे। ऊपर जाने वाली सीढ़ी का गेट अंदर से बंद था। इसके बाद गेट का ताला तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे। कमरे में बेड पर साधना सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्लंबर युनुस अंसारी हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से बताए गए संदिग्ध युनुस अंसारी उर्फ राजा अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह पेशे से प्लंबर है और महिला के घर आता-जाता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली है। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

Share This Article