गिरिडीह : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार की सुबह गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के पैतृक आवास पर छापेमारी की। शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंची टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।

जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम सुबह करीब छह बजे आवास पर पहुंची। इसके बाद घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली गई। टीम जमीन से संबंधित कागजात और अन्य दस्तावेजों को खंगालती रही। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रांची के चर्चित रिम्स जमीन घोटाले से जुड़ी जांच के तहत की गई है। मामले में सरकारी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और दस्तावेजों में हेराफेरी के आरोपों की जांच चल रही है।

शैलेश कुमार रांची के बड़गाईं अंचल में सीओ के पद पर रह चुके हैं। इस मामले में जांच एजेंसी पहले भी कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। फिलहाल छापेमारी में क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एसीबी की कार्रवाई के बाद गिरिडीह में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


