हजारीबाग: हजारीबाग जिले में राहुल दुबे गैंग के गुर्गों ने महज 24 घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी है। पहले केरेडारी स्थित रित्विक कंपनी के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई और फिर चौपारण के होटल एके इंटरनेशनल को निशाना बनाया गया। गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी ली है।

केरेडारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरोह ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। वहीं, चौपारण में घटनास्थल पर गिरोह के सदस्यों की ओर से एक पर्ची भी छोड़ी गई थी। जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात करीब 12 बजे अपराधियों ने केरेडारी में रित्विक कंपनी के गेट पर कई राउंड गोलियां चलाईं। रित्विक कंपनी एनटीपीसी की चट्टी बरियातू कोल माइंस की सहायक कंपनी है और कोयला खनन का काम करती है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पगार ओपी थाना प्रभारी दिनेश मंडल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, गुरुवार रात करीब नौ बजे चौपारण के होटल एके इंटरनेशनल पर बाइक सवार अपराधियों ने लगातार छह राउंड फायरिंग की। यह होटल जीटी रोड पर सरदार पुल के पास स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग का हेलमेट पहने दो युवक एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने होटल पर गोलियां चलाईं। होटल प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि फायरिंग के दौरान होटल के मुख्य द्वार के शीशे में गोली लगी, जिससे वह टूट गया। घटना के बाद होटल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


