375 करोड़ रुपये में बिका रांची का मशहूर न्यूक्लियस मॉल, जानिए कौन है नया मालिक

रांची का चर्चित न्यूक्लियस मॉल 375 करोड़ रुपये में बिक गया। धनबाद के कोयला कारोबारी एलबी सिंह के बेटे विवेक सिंह की कंपनी ने इसे खरीदा है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची के युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय न्यूक्लियस मॉल अब नए मालिक के हाथों में चला गया है। शहर के इस चर्चित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को 375 करोड़ रुपये में बेच दिया गया है। शुक्रवार को रांची स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में इसकी रजिस्ट्री भी पूरी हो गई। इस बड़ी डील के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में रांची रजिस्ट्री ऑफिस में हुई खरीद-बिक्री के सबसे बड़े सौदों में यह शामिल हो गया है।

अब तक यह मॉल कारोबारी विष्णु अग्रवाल के स्वामित्व में था। इसे धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के बेटे की कंपनी ने खरीदा है। न्यूक्लियस मॉल की रजिस्ट्री VAD प्राइवेट सर्विसेज लिमिटेड के नाम पर हुई है। इस कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह हैं, जो एलबी सिंह के बेटे हैं। सर्कुलर रोड के पास स्थित न्यूक्लियस मॉल करीब 1.59 एकड़ जमीन पर फैला हुआ है। हालांकि, यह मॉल पहले से ही ईडी की जांच के दायरे में है। इतना ही नहीं, नए मालिक विवेक सिंह के पिता एलबी सिंह भी कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ईडी की जांच का सामना कर रहे हैं।

कारोबारी गतिविधियों के अलावा न्यूक्लियस मॉल कई विवादों को लेकर भी लगातार चर्चा में रहा है। मॉल में व्यावसायिक गतिविधियों की शुरुआत 12 फरवरी 2017 को हुई थी। इसके मालिक और झारखंड-बंगाल के बड़े कारोबारी विष्णु अग्रवाल को ईडी ने रांची जमीन घोटाले के मामले में 1 अगस्त 2023 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले उनसे करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की गई थी। इसके बाद 15 मई 2024 को ईडी की टीम ने न्यूक्लियस मॉल का सर्वे भी किया था। फिलहाल विष्णु अग्रवाल जमानत पर बाहर हैं। अब 375 करोड़ रुपये की इस बड़ी डील के बाद न्यूक्लियस मॉल का मालिकाना हक बदल गया है और यह एक बार फिर सुर्खियों में है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।