Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। यह मंदिर न किसी की जात देखता है, न किसी का धर्म देखता है, न किसी की आय देखता है, न किसी की ऊंच-नीच देखता है। इसके लिए सभी एक समान हैं। यह इंसानियत का मंदिर है, मानवता का मंदिर है। हमारे इसी मंदिर की ताकत को दुनिया लोहा मानती है। वे रविवार को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि हम गर्व के साथ अपने आप को इस विधानसभा के सदस्य के रूप में मानते हैं। इनमें कुछ मंत्री बनते हैं, मुख्यमंत्री भी बनते हैं, अध्यक्ष बनते हैं, सचेतक बनते हैं, नेता प्रतिपक्ष और पक्ष दोनों बनते हैं। कई समितियां विधानसभा की बनती हैं। सभी माननीय विधायकों के कंधों पर कई अलग-अलग ज़िम्मेवारियां दी जाती हैं और यह मंदिर इस राज्य को एक दिशा देता है। यह हम सभी मिलकर करते हैं।

सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत पांच-छह सालों में कई ऐसी लकीरें खींची हैं कि आज हमारे कार्यों को देश उदाहरण के रूप में देखता है। अलग-अलग विषयों को लेकर, चाहे शिक्षा के स्तर पर हो, महिला सशक्तिकरण के माध्यम से हो, सरकार निरंतर प्रयासरत है। आने वाले समय में कई चुनौतियां आएंगी और कई चुनौतियों का समाधान भी निकलेगा।

इतनी बड़ी व्यवस्था में कई सारी चीजें अभी भी करनी बाकी हैं, उनको अभी भी बेहतर और दुरुस्त करने की आवश्यकता है या बड़े पैमाने पर फेरबदल करने की आवश्यकता है।
इसीलिए 2050 में झारखंड का स्वरूप कैसा हो, इस पर बड़े पैमाने पर सरकार कार्य कर रही है। निश्चित रूप से एक लंबी कार्ययोजना के साथ सरकार कार्य करते हुए नीति-निर्धारण कर रही है, जिससे इस राज्य का जो सपना है, जो हमारे आंदोलनकारियों का सपना रहा है, जिनके खून-पसीने से यह राज्य प्राप्त हुआ है, उनकी आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर व्यवस्था स्थापित हो।
इसलिए इस लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर का सम्मान करते हुए हर एक निर्णय में हम सबका प्रयास होना चाहिए कि वह निर्णय इस राज्य की जनता के हित में, इस राज्य के जनमानस के हित में हो। उनके लिए नीतियां बनें, जिसके लिए हम सभी लोग यहां चुनकर आते हैं। यह कार्य भी सभी लोगों का है। राज्य को दिशा देने का काम हम सभी मिलकर करते हैं।


