जामताड़ा: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में तकनीकी काम के चलते 24 नवंबर 2026 को जोन्हा और किता स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर तीन घंटे का पीक्यूआरएस ब्लॉक लिया जाएगा। इसका सीधा असर जामताड़ा होकर गुजरने वाली दो प्रमुख मेमू ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने इस तकनीकी कार्य को देखते हुए बर्द्धमान-हटिया और आसनसोल-रांची मेमू ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है। दोनों ट्रेनों का रूट सीमित कर दिया गया है। साथ ही, कुछ स्टेशनों के बीच इनका परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा।

बर्द्धमान-हटिया मेमू अब गोमो तक ही चलेगी
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13503 बर्द्धमान-हटिया मेमू एक्सप्रेस 24 नवंबर को हटिया तक नहीं जाएगी। इस दिन ट्रेन की यात्रा नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो तक ही समाप्त हो जाएगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 13504 हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस हटिया के बजाय गोमो जंक्शन से बर्द्धमान के लिए रवाना होगी। इस बदलाव के कारण गोमो और हटिया के बीच दोनों दिशाओं में ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।

आसनसोल-रांची मेमू की यात्रा मुरी तक सीमित
दूसरी ओर, ट्रेन संख्या 63598 आसनसोल-रांची मेमू पैसेंजर भी 24 नवंबर को अपने निर्धारित गंतव्य रांची तक नहीं पहुंचेगी। इस दिन ट्रेन की यात्रा मुरी जंक्शन पर ही समाप्त कर दी जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 63597 रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर रांची के बजाय मुरी जंक्शन से आसनसोल के लिए रवाना होगी। इसके चलते मुरी और रांची के बीच दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों से की खास अपील
ट्रेनों के रूट में अचानक हुए इस बदलाव को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले इस अस्थायी बदलाव को जरूर ध्यान में रखें। घर से निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।


