रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है। इस पोस्ट में उन्होंने कहा है कि चंपाई जी, कभी अकेले में बैठकर अपने जमीर से एक सवाल जरूर पूछिएगा ! मैं आपसे उम्र और राजनीतिक अनुभव में छोटा हूं, लेकिन आज भी आपका सम्मान करता हूं। इसलिए कुछ बातें दिल से कहना चाहता हूं। शायद मेरी बात आपके दिल तक पहुंचे।

वह दिन याद कीजिए, जब भाजपा ने हमारे लोकप्रिय नेता और तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हम सबकी आंखों के सामने जेल भेज दिया था। एक आदिवासी मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया। वह झारखंड के लिए कितना दुखद समय था। उस कठिन परिस्थिति में विधायक दल की बैठक हुई। हम सब सोच रहे थे कि शायद कल्पना सोरेन, भाई बसंत सोरेन या फिर इरफान अंसारी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलेगी। लेकिन हेमंत सोरेन ने आप पर भरोसा किया। आपको मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी। जरा सोचिए, उस मुश्किल समय में उन्होंने आप पर एक परिवार के सदस्य की तरह, एक पिता की तरह विश्वास किया था।
आपको भी उस विश्वास की लाज रखनी चाहिए थी। जब हेमंत सोरेन जेल से वापस आए, तब राजनीतिक मर्यादा और दूरदर्शिता दिखाते हुए आपको स्वयं सम्मानपूर्वक उन्हें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए थी। लेकिन आपने उनके विश्वास को तोड़ दिया। राजनीति में कुर्सी से बड़ा विश्वास होता है। जिस भरोसे ने आपको मुख्यमंत्री बनाया, उसी भरोसे को तोड़ना सबसे ज्यादा दुखद है। आज आप भाजपा में हैं, यह आपका राजनीतिक फैसला है, लेकिन भाजपा की भाषा बोलकर आदिवासी और मुस्लिम समाज के बीच नफरत पैदा करना कहां तक उचित है? एक बार इतिहास के पन्ने पलटकर देखिए। इस देश को आजाद कराने में आदिवासी और मुस्लिम समाज ने अपना खून बहाया है। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, तिलका मांझी, अशफाकउल्ला खान, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी की लड़ाई में हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी एक साथ लड़े थे।
लेकिन आज अफसोस होता है कि आप उन्हीं लोगों की गोद में बैठे हैं, जिनकी विचारधारा और अंग्रेजों के दौर की भूमिका पर देश में सवाल उठते रहे हैं। जिनकी राजनीतिक विरासत की आजादी की लड़ाई में भूमिका पर सवाल किए जाते हैं, उनकी भाषा बोलकर आप मुस्लिम समाज को निशाना बना रहे हैं। डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में आप आज उन लोगों के साथ बैठे हैं, जिन्होंने समाज को जोड़ने की राजनीति के बजाय हमेशा विभाजन की राजनीति को बढ़ावा देने के आरोप झेले हैं। सेठ, प्रकाश, जायसवाल और कई अन्य नेताओं के साथ आपकी नजदीकी देखकर मुझे बेहद दुख होता है।
आप खुद सोचिए, हिंदुस्तान की आजादी की लड़ाई में इन नेताओं और इनकी राजनीतिक विचारधारा का क्या योगदान रहा है? देश के लिए अपना खून बहाने वाले आदिवासी और मुस्लिम शहीदों का इतिहास हमें एकता सिखाता है, नफरत नहीं। मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ तब हुई, जब आपने सदन में मुस्लिम समाज और मुस्लिम महिलाओं के प्रति ऐसी बातें कहीं। पिछले दो दिनों से मैं इसी बात को लेकर बेहद चिंतित हूं। क्या यह वही चंपाई सोरेन जी हैं, जिन्हें हम एक सेकुलर और सम्मानित नेता के रूप में जानते थे? आखिर भाजपा की कौन-सी मजबूरी है कि आप उसकी भाषा बोलने लगे हैं? भाजपा ने वर्षों तक झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी की। आज वही भाजपा हिंदू-मुस्लिम के बाद आदिवासी-मुस्लिम के बीच दरार पैदा करना चाहती है। आदिवासी और मुसलमान इस मिट्टी के दो भाई हैं। इनका रिश्ता सदियों पुराना और अटूट है। इसे तोड़ने की कोशिश मत कीजिए।
आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जननायक राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र, झारखंड के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। वे चुनौतियां स्वीकार कर रहे हैं, जनता के मुद्दे उठा रहे हैं। फिर आप उनके खिलाफ इतनी कड़वी भाषा क्यों बोल रहे हैं? मेरी आपसे हाथ जोड़कर एक अपील है। भाजपा में रहना आपका राजनीतिक फैसला है, लेकिन झारखंड को बनाने और संवारने दीजिए। झारखंड के हितों की बात करने वाले लोगों के साथ खड़े रहिए। ऐसे राजनीतिक साथियों से दूरी बनाकर रखिए, जिनकी राजनीति से समाज में विभाजन की आशंका पैदा होती है। अपने विधानसभा क्षेत्र की चिंता कीजिए, लेकिन झारखंड की एकता और भाईचारे में जहर मत घोलिए।
अगर आप पर कोई राजनीतिक दबाव है तो मुझे बताइए। मैं उस दबाव के खिलाफ आवाज उठाने को तैयार हूं। मैं आज भी आपका आदर करता हूं। लेकिन कभी अकेले में आईने के सामने खड़े होकर खुद से पूछिएगा कि हेमंत सोरेन जी ने आप पर कितना भरोसा किया था और आपने उस भरोसे के बदले उन्हें क्या दिया? राजनीति में लोग नेताओं पर विश्वास इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें उम्मीद होती है कि उनका नेता कभी उनका भरोसा नहीं तोड़ेगा। आपके जैसे नेताओं के विश्वासघात से ही आने वाली पीढ़ी का राजनीति और नेताओं पर से भरोसा उठने लगता है। याद रखिए चंपाई सोरेन जी, कुर्सी आती-जाती रहती है, सत्ता बदलती रहती है, लेकिन टूटे हुए विश्वास और रिश्तों को दोबारा जोड़ना बहुत मुश्किल होता है।
झारखंड हमारा है। इसकी खनिज संपदा, यहां के युवाओं का भविष्य, आदिवासी-मूलवासी और अल्पसंख्यक समाज का सम्मान हमारी जिम्मेदारी है। मैं डॉ. इरफान अंसारी आज भी चाहता हूं कि आप अपनी पुरानी पहचान, अपनी सेकुलर सोच और अपने पुराने रिश्तों को याद करें। झारखंड को जोड़िए, तोड़िए मत। इतिहास केवल यह नहीं देखता कि कौन मुख्यमंत्री बना, इतिहास यह भी याद रखता है कि मुश्किल समय में किसने किसका साथ दिया और किसने किसका विश्वास तोड़ा। झारखंड की एकता, भाईचारा और सम्मान किसी भी राजनीतिक कुर्सी से बड़ा है।


