मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पहुंच चुके हैं जोन्हा फॉल
28 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ जोन्हा फॉल पहुंचे थे। खास बात यह थी कि मुख्यमंत्री खुद कार चलाकर यहां आए थे। उनके अचानक पहुंचने से पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण उत्साहित हो गए थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने झरने के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों व पर्यटकों से बातचीत की। वापसी के दौरान उन्होंने रास्ते में रुककर स्थानीय दुकानदारों से अमरूद और मौसमी फल भी खरीदे। उन्होंने झारखंड की प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखने की जरूरत पर जोर दिया था।
गौतमधारा के नाम से भी है प्रसिद्ध
जोन्हा जलप्रपात को गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है। यहां चट्टानों से गिरता पानी नीचे नदी में मिलता है। झरने के पास भगवान बुद्ध का मंदिर भी स्थित है। आसपास की हरियाली और पहाड़ियों के बीच यह जगह सुकून के पल बिताने के लिए आकर्षक है।
रांची से 40-45 किलोमीटर दूर है जोन्हा फॉल
जोन्हा फॉल रांची-पुरुलिया हाईवे के पास स्थित है। राजधानी से इसकी दूरी करीब 40 से 45 किलोमीटर है। यहां सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है। वहीं, नजदीकी रेलवे स्टेशन जोन्हा है, जो जलप्रपात से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर है।
New Year Picnic के लिए अच्छा विकल्प
क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों में अगर आप शहर की भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो जोन्हा फॉल घूमने का प्लान बना सकते हैं। हालांकि, झरने के आसपास चट्टानों पर फिसलन और पानी के तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतें। जाने से पहले मौसम और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों की जानकारी जरूर लें।


